Biharराज्य

बिहार के भागलपुर के नवगछिया में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत, कई घायल

Road Accident : बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

नवगछिया के एसपी प्रेरणा कुमार ने जानकारी दी कि यह दुर्घटना झंडापुर थाना क्षेत्र के बागड़ी पुल के पास हुई, जहां एक निजी बस, मैजिक वाहन और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि हादसे में करीब दस लोग घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (JLNMCH) भागलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

एसपी ने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का संभावित कारण प्रतीत हो रहा है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया.

चारों मृतकों की पहचान हो गई

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चारों मृतकों की पहचान हो गई है. मृतकों में कटिहार जिले के समेली निवासी 40 वर्षीय अरविंद मंडल, खगड़िया जिले के मरार (मोरकाही) निवासी अमन निषाद के छह वर्षीय बेटे कुनाल कुमार, भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के भिट्टा गांव की रहने वाली 35 वर्षीय पूरमी देवी और उनके पति 40 वर्षीय सुनील दास शामिल हैं.

चार लोगों की मौत की पुष्टि

भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने जेएलएनएमसीएच (जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) में भर्ती घायलों का हाल जानने के बाद मीडिया को बताया कि सभी घायलों का इलाज बेहतर ढंग से किया जा रहा है. अस्पताल में सभी वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद हैं और घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. जिलाधिकारी ने इस हादसे में चार लोगों की मौत की भी आधिकारिक पुष्टि की है.

ये भी पढ़ें- Kerala Keralam : केरल बनेगा ‘केरलम’, कैबिनेट बैठक में मोदी सरकार ने लगाई मुहर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button