CG: AAP सांसद बोले-काम नहीं किया तो जूते मारकर भगा देना, एक मौका केजरीवाल को दीजिए

Share

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी को देख लिया है। दोनों दलों के नेताओं को बहुत बार मौका दिया। लेकिन, हर बार सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है। प्रदेश में खनिज संपदाओं का दोहन हुआ है। संदीप पाठक ने कहा, केजरीवाल को एक मौका देकर देखिए। अगर काम नहीं किया तो जूते मारकर भगा देना। इस बार आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी।

पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं- संदीप पाठक

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर अब सभी पार्टियां सक्रिय नजर आ रही है। भाजपा-कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी भी प्रदेश में अपनी जमीन तलाशने में पीछे नहीं है। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ ही पंजाब के सीएम भगवंत मान ने प्रदेश की राजधानी रायपुर में आम सभा का आयोजन किया था। अब पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद संदीप पाठक बिलासपुर समेत कई जिलों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने यहां महा सदस्यता अभियान और प्रशिक्षण के बहाने पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरी । मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद संदीप पाठक ने कहा कि पार्टी छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

प्रदेश में 5 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य

उन्होंने बताया कि राज्य में महा सदस्यता अभियान के तहत एक माह में और 5 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के लगभग बीस हजार गांवों में आम आदमी पार्टी अपने यूनिटों में इंचार्ज और सदस्य बनाने की प्रक्रिया जोर शोर से चला रही है। और इसी कड़ी में पूरे प्रदेश के 455 ब्लॉक अध्यक्षों व पदाधिकारियों को चार चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रदेश में खुल्लम खुल्ला चल रहा भ्रष्टाचार

छत्तीसगढ़ सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि, प्रदेश में खुल्लम-खुल्ला भ्रष्टाचार चल रहा है। पिछले चार साल में कांग्रेस सरकार सिर्फ ताम झाम दिखा कर ऊपरी तौर पर काम की खानापूर्ति कर रही है। अब कुर्सी बचाने के लिए आंकड़ों का खेल कर खुद को साबित करने की कोशिश कर रही है। जिस तरह से भ्रष्टाचार भाजपा के शासन काल में हुआ है। उसी तरह कांग्रेस सरकार ने भी चार साल में सिर्फ लूट और खानापूर्ति का खेल किया है। दोनों ही दलों में न कोई जांच न कोई सजा। सिर्फ आरोप प्रत्यारोप चल रहा है।

ये भी पढ़े: अब भूपेश बघेल ने मोदी सरनेम पर कही ये बड़ी बात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *