राष्ट्रीय

टाइगर श्रॉफ पर हमले से सवाल, 20 साल बाद फिर बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड का खौफ? चेहरे बदले, तरीका वही

Tiger Shroff Firing : मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है. रविवार शाम हुई इस घटना में टाइगर बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई. वारदात के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया. हालांकि, मुंबई पुलिस ने अब तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. इस घटना ने उस दौर की यादें ताजा कर दी हैं, जब मुंबई के अंडरवर्ल्ड की धमकियों और रंगदारी से बॉलीवुड परेशान था.

1990 के दशक के आखिरी वर्षों और 2000 की शुरुआत में दाऊद इब्राहिम, छोटा शकील और अबू सलेम जैसे गैंगस्टरों के नाम फिल्म इंडस्ट्री में खौफ का कारण बनते थे. उस दौर में कई फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को धमकियां मिलीं, जबकि कुछ पर जानलेवा हमले भी हुए.

1997 में निर्माता मुकेश दुग्गल की हत्या और फिल्म निर्माता राजीव राय पर गोलीबारी ने इंडस्ट्री को हिला दिया था. इसी साल टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार की हत्या हुई. वर्ष 2000 में फिल्म निर्माता राकेश रोशन पर भी गोलियां चलाई गईं, लेकिन उनकी जान बच गई. इन घटनाओं के बाद फिल्म जगत में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी.

सख्त कार्रवाई से कमजोर पड़ा पुराना नेटवर्क

लगातार धमकियों और हमलों के बीच फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की. इसके बाद मुंबई पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज की. महाराष्ट्र में मकोका जैसे सख्त कानून के इस्तेमाल और पुलिस अभियानों से कई आपराधिक नेटवर्क कमजोर हुए. अबू सलेम को 2002 में पुर्तगाल में गिरफ्तार किया गया और 2015 में छोटा राजन को इंडोनेशिया से भारत लाया गया.

सलमान-रोहित से बढ़ी चिंता

अक्टूबर 2024 में पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दावों ने फिर सुर्खियां बटोरीं. फरवरी 2026 में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना भी सामने आई. अब टाइगर श्रॉफ पर हमले ने फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

टाइगर श्रॉफ पर हमले के पीछे किसका हाथ है और कथित गैंग का दावा कितना सही है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल इस घटना को 90 के दशक के अंडरवर्ल्ड से सीधे जोड़ना जल्दबाजी होगी. लेकिन लगातार सामने आ रही धमकियों और फायरिंग की घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट का कॉकरोच वाला पुतला, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ होगा दहन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button