Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में सर्दी की दस्तक के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है. मंगलवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में धुंध और कोहरे की चादर देखने को मिली. दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की उम्मीद है, लेकिन प्रदूषण के स्तर में फिलहाल राहत के संकेत नहीं हैं. राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 245 दर्ज किया गया. यह खराब श्रेणी में आता है. वहीं, राजधानी के करीब 10 इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच गया है, जो बेहद खराब श्रेणी को दर्शाता है. सीरीफोर्ट में स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक रही, जहां AQI 340 के पार दर्ज किया गया.
तापमान में गिरावट, बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. कोहरे के कारण सफदरजंग में सुबह 6:30 बजे दृश्यता घटकर 800 मीटर रह गई. इस दौरान हवा में नमी का स्तर 42 से 95 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया.
IMD के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन में हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 25 नवंबर से पारा 1 से 2 डिग्री तक गिर सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण की चुनौती भी बनी रह सकती है.
ये भी पढ़ें – अयोध्या से जनकपुर धाम तक शुरू हुई सीधी ट्रेन सेवा, 28 नवंबर से आम श्रद्धालु कर सकेंगे यात्रा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








