Bisleri Water : देश में बोतलबंद पानी खरीदने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए बिसलेरी से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है. जिस पानी के सैंपल को पहली जांच में गुणवत्ता मानकों से बाहर बताया गया था, उसी को लेकर कंपनी ने अब दूसरी जांच के नतीजों का हवाला देते हुए राहत मिलने का दावा किया है. बिसलेरी के अनुसार, दोबारा कराई गई जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली. हालांकि, इस पूरे विवाद के बीच केंद्र सरकार ने भी बड़ा कदम उठाया है. अब देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड की जांच की जाएगी. इससे बाजार में बिकने वाले बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित हो गया है.
दरअसल, सितंबर 2025 में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी के गोवा प्लांट में तैयार पानी के एक बैच से छह सैंपल लिए थे. इनमें से पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, लेकिन छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई.नियमों के मुताबिक, पानी में ब्रोमेट की अधिकतम स्वीकार्य सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है, जबकि शुरुआती जांच में इसकी मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई थी.
दूसरी जांच में क्या सामने आया?
शुरुआती रिपोर्ट से असहमति जताते हुए कंपनी ने अपील की और सैंपल को रेफरल लैब भेजा गया. बिसलेरी के मुताबिक, वहां जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली, लेकिन रिपोर्ट में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAHs का भी उल्लेख किया गया.
इसके बाद कंपनी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य प्रयोगशाला में उसी सैंपल की जांच कराई. बिसलेरी का दावा है कि इस बार भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई गई. फरवरी 2026 में कंपनी ने अपनी जांच रिपोर्ट FSSAI को सौंप दी थी.
अब पूरे देश में होगी पानी के ब्रांड की जांच
बिसलेरी और FSSAI के बीच चल रहे विवाद के बाद केंद्र सरकार ने देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड की जांच कराने का आदेश दिया है. इसका उद्देश्य बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की पड़ताल करना है.
वहीं, बिसलेरी ने अपने बयान में कहा है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित पानी उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. कंपनी नियामक संस्था के साथ पूरा सहयोग करने और विवाद को उचित प्रक्रिया के तहत सुलझाने के लिए तैयार है.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि देशभर में होने वाली इस जांच में दूसरे वाटर ब्रांड के सैंपल गुणवत्ता के मानकों पर कितने खरे उतरते हैं.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









