PM Modi : भारत और नेपाल के रिश्तों में सोमवार को धार्मिक आस्था और कूटनीति का अनूठा संगम देखने को मिला. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें त्रिवेणी का पवित्र जल भेंट किया. वहीं, बालेन शाह ने पीएम मोदी को रुद्राक्ष की माला और पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद दिया. दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच यह उपहारों का आदान-प्रदान भारत और नेपाल की साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाता है. इस मुलाकात के साथ ही अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है.
भारत पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सबसे पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका अभिवादन किया. बाद में दोनों नेता द्विपक्षीय बातचीत के लिए हैदराबाद हाउस पहुंचे, जहां बैठक शुरू हुई.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देशों के प्रधानमंत्री भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर रहे हैं. बैठक का उद्देश्य आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने के नए रास्ते तलाशना है.
बिजली से लेकर सड़क और रेलवे तक होगी चर्चा
बैठक में ऊर्जा और पनबिजली के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर है. इसके तहत भारत की ओर से नेपाल से बिजली आयात बढ़ाने पर समझौते की संभावना है. इसके अलावा रेलवे, सड़क संपर्क और नेपाल में बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर भी बातचीत हो रही है. नेपाल को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर भी घोषणा हो सकती है.
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से जुड़ेंगे दो देश
इस यात्रा की एक बड़ी उपलब्धि अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधी ट्रेन सेवा की शुरुआत है. प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे. अयोध्या कैंट स्टेशन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे.
इस पहल पर इकबाल अंसारी ने खुशी जताई है, उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा में सुविधा देने के साथ भारत और नेपाल के संबंधों को भी मजबूत करेगी. इससे अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक आस्था के साथ लोगों का संपर्क भी बढ़ेगा.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







