Road Accident : राजस्थान में रविवार का दिन कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द दे गया. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में 12 लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 15 से अधिक लोग घायल हो गए. पहला हादसा कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. वहीं, दूसरी दुर्घटना जोधपुर में कार और टेंपो की भिड़ंत के कारण हुई. दोनों घटनाओं के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
पहली दुर्घटना देर रात शंभूपुरा के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र का एक परिवार खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहा था. उनकी गाड़ी में कुल 16 लोग सवार थे. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में सवार 9 लोगों की जान चली गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए.
एडिशनल जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है. एक घायल के मुताबिक, परिवार की कई गाड़ियां साथ चल रही थीं, लेकिन कुछ वाहन पीछे रह गए थे. इसी दौरान एक महिला का फोन आया कि दुर्घटना हो गई है.
जोधपुर में कार और टेंपो की टक्कर
दूसरा हादसा जोधपुर में हुआ, जहां कार और टेंपो की भिड़ंत में 3 लोगों की मौत हो गई और करीब 15 लोग घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, गुजरात का एक परिवार रामदेवरा के दर्शन करके लौट रहा था, तभी उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
घायलों को चार एंबुलेंस की मदद से मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. सभी का इलाज जारी है. एक ही दिन में हुए इन दो हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार से जुड़े सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









