Saudi Arabia Attack : सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हूती विद्रोहियों के हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. सऊदी सिविल डिफेंस ने संभावित खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है. हालांकि, हमले के अगले दिन सोमवार (9 नवंबर) को राजधानी में आम जनजीवन सामान्य नजर आया. सड़कों पर वाहनों की आवाजाही जारी रही और रोजमर्रा की गतिविधियां भी चलती दिखीं. इससे एक दिन पहले रविवार (8 नवंबर) को यमन के हूती विद्रोहियों ने रियाद को निशाना बनाया था. इस दौरान शहर के वित्तीय जिले में स्थित अरामको टावर को भी नुकसान पहुंचा.
रविवार को हुए हमले के दौरान सऊदी अरब के सैन्य गठबंधन ने मिसाइलों को हवा में ही रोकने का दावा किया था. इसी कार्रवाई के दौरान मिसाइल या ड्रोन का मलबा अरामको टावर पर गिर गया. इससे इमारत की कई मंजिलों की खिड़कियां टूट गईं. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और संभावित हमलों को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, हमले से हुआ नुकसान सीमित है. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल, सरकार ने भी बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं की है. दूसरी ओर, सऊदी सिविल डिफेंस की ओर से जारी अलर्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं.
सऊदी अरब और हूतियों के बीच बढ़ा तनाव
यमन के हूती विद्रोहियों ने रविवार को हुए हमले की जिम्मेदारी ली है. संगठन पिछले कुछ समय से सऊदी अरब के खिलाफ मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है. उसके निशाने पर एयरपोर्ट, बंदरगाह और तेल से जुड़े ठिकाने रहे हैं.
सऊदी अरब और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच जुलाई में दोबारा संघर्ष शुरू हुआ था. पश्चिम एशिया में पहले से जारी व्यापक युद्ध के बीच इस टकराव ने क्षेत्रीय सुरक्षा की चुनौतियां बढ़ा दी हैं. फरवरी में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद शुरू हुए युद्ध के बीच अब सऊदी अरब पर हमलों ने तनाव को एक नया मोड़ दे दिया है.
ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









