Delhi NCRMadhya Pradeshराष्ट्रीय

दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल

Diwali 2026 Fire Accident : दिवाली की रात देश के कई हिस्सों में आग लगने की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों में हुए हादसों में 23 लोगों की मृत्यु हो गई। कई लोग घायल हुए, जबकि कुछ लापता हैं। दुकानों, मकानों, शोरूम और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

Diwali 2026 Fire Accident : दिवाली के जश्न के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों से आग लगने की कई गंभीर घटनाएं सामने आईं। पटाखों की चिंगारी और अन्य वजहों से लगी आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में कुल 23 लोगों की मृत्यु होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

मध्य प्रदेश में दो अलग-अलग हादसों में गई कई जानें

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मृत्यु हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इनमें एक बच्चा महज दो महीने का था। वहीं, सिवनी जिले में एक सराफा कारोबारी के घर में आग लगने से छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में 16 वर्षीय किशोर भी शामिल है। दोनों घटनाओं ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया।

महाराष्ट्र में एक परिवार के छह सदस्यों की मृत्यु

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में एक किराना दुकान के ऊपर बने आवास में आग लग गई। इस मकान में रहने वाले एक ही परिवार के छह लोगों की इस हादसे में मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, मुंबई के लोखंडवाला इलाके में भी आग लगने की घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके अलावा डोंगरी क्षेत्र में आग की चपेट में कई दुकानें और झुग्गियां आ गईं।

मुंबई के दादर स्थित कामगार स्टेडियम में लगी आग पर दमकल विभाग की टीम ने 17 मिनट के भीतर काबू पा लिया। वहीं, ठाणे में 17 मंजिला इमारत में आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

राजस्थान में पटाखों की दुकान में लगी आग

राजस्थान के पाली में पटाखों की एक दुकान में आग लगने से दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन आ गए।

दिल्ली में पटाखे से 10 साल के बच्चे की मृत्यु

दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दौरान एक रॉकेट पटाखा 10 साल के बच्चे के पेट में जा लगा। गंभीर रूप से घायल बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी।

कई अन्य शहरों में भी आग से नुकसान

उत्तर प्रदेश के बांदा में एक कबाड़ की दुकान में आग लग गई। इस घटना में करीब 20 से 25 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। महाराष्ट्र के पुणे में आग लगने की कुल 63 घटनाएं दर्ज की गईं। हालांकि, इनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जम्मू के नेहरू मार्केट में आग लगने से 12 से अधिक दुकानें जल गईं। वहीं, नागपुर में टीवीएस के एक शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए।

कई अन्य राज्यों में भी सामने आईं घटनाएं

असम के जोनाई, पुणे के वडगांव शेरी, मुंबई के विद्याविहार और सिक्किम की राजधानी गंगटोक में स्थित सरकारी आवास में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आग लगने की सूचना मिली।

इन सभी घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। दिवाली के दौरान हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और पटाखों के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें- अयोध्या में 30 लाख दीये जले, बस्तर में जवानों के साथ PM Modi की दिवाली, 20 क्विंटल फूलों से सजा केदारनाथ मंदिर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button