Uttar Pradesh

UP में बढ़ी ठंड, रात में गिरा पारा, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस होने लगा है, वहीं कई इलाकों में कोहरे की दस्तक भी शुरू हो गई है. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह के समय छिछला कोहरा छा सकता है. वहीं, पूर्वी यूपी में भी कहीं-कहीं छिछले से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है. फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.

अगले 5 दिनों तक तापमान स्थिर रहने के आसार

तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी और प्रतापगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, प्रदेश के अन्य मंडलों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. वाराणसी, कानपुर, मुरादाबाद, आगरा और मेरठ मंडलों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा.

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 से 14 नवंबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान मौसम को लेकर विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. साथ ही अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं.

प्रमुख शहरों में आज का तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रयागराज में 19.8 डिग्री सेल्सियस, बहराइच में 17.8 डिग्री, बरेली में 18 डिग्री, फुर्सतगंज में 27.8 डिग्री और गोरखपुर में 17.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा झांसी में 17.2 डिग्री, लखनऊ एयरपोर्ट पर 19 डिग्री और मेरठ में 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

कुल मिलाकर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने वाला है, लेकिन सुबह के समय कोहरे के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button