Amitabh Bachchan : मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है. बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरा ईमेल बॉम्बे हाईकोर्ट को भेजा गया है, जिसमें सिर्फ हाईकोर्ट ही नहीं, बल्कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और अमिताभ बच्चन के बंगले को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.
ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. धमकी भरे संदेश की पड़ताल की जा रही है और इसे भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश हो रही है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं.
पहले भी बॉलीवुड सितारों को मिल चुकी हैं धमकियां
बता दें कि हाल के दिनों में बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकियां मिली थीं. आयुष्मान खुराना को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. बताया गया था कि आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर है. वहीं, तुषार कपूर को मिली धमकी के मामले में भी पुलिस ने जांच की थी.
इसके अलावा अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के बाद से बॉलीवुड कलाकारों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हुई थी. लगातार सामने आ रही धमकियों ने फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ाई है.
पहले भी बॉम्बे हाईकोर्ट को मिल चुकी है धमकी
बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है. सितंबर 2025 में भी अदालत को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था. उस समय हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाई गई थी और जांच के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. परिसर की तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी.
इससे कुछ दिन पहले भी हाईकोर्ट को धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसके बाद परिसर खाली करवाकर तलाशी अभियान चलाया गया था. अब एक बार फिर धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









