Agniveer Recruitment : भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. केंद्र सरकार अग्निपथ योजना की समीक्षा कर रही है और इसमें बड़े बदलावों पर विचार किया जा रहा है. प्रस्ताव के मुताबिक, चुनिंदा अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी होने के बाद दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जा सकता है. अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो कुछ अग्निवीरों को सेना में कुल छह साल तक सेवा करने का अवसर मिल सकेगा.
मौजूदा व्यवस्था के तहत अग्निवीरों की भर्ती चार साल के लिए होती है. इस अवधि के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में स्थायी कैडर में शामिल किया जाता है, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को सेवा से मुक्त कर दिया जाता है.
प्रस्तावित बदलाव के तहत नियमित कैडर में जगह नहीं पाने वाले चुनिंदा अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त मौका देने पर विचार हो रहा है. इसके लिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को प्राथमिकता मिल सकती है. हालांकि, चयन की अंतिम शर्तें अभी स्पष्ट नहीं हैं.
पहले बैच की सेवा अवधि हो रही पूरी
अग्निपथ योजना की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी. अब पहला बैच अपनी चार साल की सेवा पूरी करने के करीब है. ऐसे में जवानों के अनुभव, भविष्य और सेना में उनकी सेवाएं जारी रखने को लेकर समीक्षा तेज हो गई है.
इस बदलाव का उद्देश्य प्रशिक्षित जवानों के अनुभव का बेहतर इस्तेमाल करना है. चार साल की ट्रेनिंग और सेवा के बाद जवानों को पूरी तरह बाहर करने के बजाय कुछ समय और सेना में रखने से उनकी दक्षता का लाभ मिल सकता है. विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को इस अवधि में वेतन और अन्य सुविधाएं भी मिल सकती हैं.
रक्षा क्षेत्र में इस प्रस्ताव को अग्निपथ योजना में संभावित महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, दो साल के विस्तार को लेकर सरकार की ओर से अंतिम नियम और आधिकारिक आदेश सामने आना अभी बाकी है.
ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 5 किलो हेरोइन सहित दो काबू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









