राष्ट्रीय

US चुनाव में अल-सैयद की जीत के दावे पर ओवैसी बोले- ‘यूपी के अब्दुल अब दरी नहीं…’

Abdul El-Sayed : अमेरिका के मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल रहमान मोहम्मद अल-सैयद की जीत का दावा दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है, उन्हें अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाला पहला मुस्लिम बताया जा रहा है. उनकी इस कामयाबी पर भारत में भी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं. एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस जीत का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश के मुसलमानों को राजनीतिक पहचान मजबूत करने का संदेश दिया है. उनके बयान ने यूपी की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है.

असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “एक अब्दुल मिशिगन में जीत गया, अब उत्तर प्रदेश के अब्दुल को भी अपनी सियासी पहचान मज़बूत करनी होगी. संघियों ने ‘अब्दुल’ को एक तंज़ में बदलने की बहुत कोशिश की है. वक़्त आ गया है कि हम दिखाएं कि अब्दुल अल्लाह के सिवा किसी की गुलामी नहीं करता. अब दरी नहीं बिछाएंगे.”

कौन हैं अब्दुल अल-सैयद?

बता दें कि मिस्र-अमेरिकी मूल के डॉक्टर और प्रगतिशील नेता अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन में रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स के खिलाफ जीत का दावा किया है. चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें इस्लामोफोबिक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उन्हें ‘जिहादी’ कहा था. एक चुनावी रैली में ट्रंप ने मेटल डिटेक्टर को लेकर भी उन पर टिप्पणी की थी.

जीत के दावे के बाद क्या बोले अब्दुल?

अब्दुल ने अपने संबोधन में अमेरिकी व्यवस्था पर अरबपतियों और बड़ी कंपनियों के प्रभाव को लेकर सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि आम लोगों को राशन, पेट्रोल, घर और इलाज जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष नहीं करना चाहिए.

उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों के टैक्स का पैसा उनके और उनके बच्चों की बेहतरी पर खर्च होना चाहिए, न कि दूसरे देशों के बच्चों पर बम गिराने में. अब्दुल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि अमेरिका की असली ताकत अपनी कमियों को स्वीकार कर उन्हें सुधारने की इच्छाशक्ति में है.

अब्दुल की जीत के दावे और ओवैसी की प्रतिक्रिया ने अमेरिकी चुनाव के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 5 किलो हेरोइन सहित दो काबू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button