Rajasthan

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर धमाका, ट्रेन उड़ाने की साजिश का शक, 2 पैसेंजर ट्रेनें रद्द

Rajasthan News : राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर अचानक हुए विस्फोट से रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है. हैरानी की बात यह है कि जिस जगह धमाका हुआ, वहां से कुछ देर पहले ही पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी. अगर विस्फोट ट्रेन के निकलने से पहले होता, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था. घटना के बाद पुलिस, रेलवे और जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं.

जानकारी के मुताबिक, घटना श्रीगंगानगर जिले के 50 जीबी गांव के पास हुई. अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जा रही पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के कुछ समय बाद रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ. धमाके की वजह से पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो स्लीपर ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई.

जांच में जुटीं एजेंसियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर समेत पुलिस और रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. रेलवे पुलिस, एटीएस और अन्य जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं. सबूतों की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है.

एसपी हरिशंकर के मुताबिक, फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि धमाका किस तरह का था, उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती इलाके से हाल ही में बरामद हुए 7.5 किलो आरडीएक्स से इस घटना का कोई संबंध अब तक सामने नहीं आया है. मामले की जांच जारी है.

रेलवे ने रद्द कीं दो पैसेंजर ट्रेनें

धमाके के बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 4 नवंबर 2026 को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रूट की दो पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी हैं. इनमें ट्रेन संख्या 59711 (सूरतगढ़-अनूपगढ़) और 59712 (अनूपगढ़-सूरतगढ़) शामिल हैं.

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रेलवे ट्रैक पर हुआ विस्फोट महज एक दुर्घटना था या इसके पीछे कोई साजिश थी. धमाके की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 5 किलो हेरोइन सहित दो काबू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button