Rajasthan

राजस्थान में बड़ा हादसा, सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत

Rajasthan News : राजस्थान के झुंझुनू जिले में सड़क निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. काम कर रहे मजदूरों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि अगले ही पल उनके साथ क्या होने वाला है. सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. देखते ही देखते मशीन में करंट फैल गया और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए. इस दर्दनाक हादसे में आठ मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है.

पुलिस के मुताबिक, हादसा छापोली गांव में हुआ, जहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था. इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन थी. मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने आठ मजदूरों की मौत की पुष्टि की है.

ग्रामीणों ने शुरू किया धरना, मौके पर पहुंचे नेता

घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और धरना शुरू कर दिया. पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद इलाके में स्थिति पर लोगों की नजर बनी हुई है.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घटना की जांच कराने को भी कहा है.

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी मजदूरों की मौत पर दुख जताया है. इस हादसे ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है.

ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button