EUFOR Helicopter : यूरोप के एक शांति मिशन से जुड़ा हेलीकॉप्टर अचानक हादसे का शिकार हो गया. नियमित प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हुए इस हादसे ने सुरक्षा मिशन से जुड़े अधिकारियों को भी चिंता में डाल दिया है. घटना बोस्निया-हर्जेगोविना के उत्तरी हिस्से में हुई, जहां इटली का सीएच-47 चिनूक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में चार कर्मियों की जान चली गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए.
यह दुर्घटना ब्रचको शहर के आसपास हुई. हेलीकॉप्टर यूरोपीय संघ के शांति मिशन ईयूफोर का हिस्सा था और नियमित प्रशिक्षण गतिविधि में शामिल था. इसी दौरान अचानक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर एक मैदान में जा गिरा. हादसे के बाद घटनास्थल की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें हेलीकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है.
हादसे की वजह स्पष्ट नहीं
ईयूफोर के मुताबिक, हादसे में घायल सभी 11 लोगों की हालत फिलहाल स्थिर है, उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी आम नागरिक को चोट नहीं आई. आसपास मौजूद इमारतों, वाहनों और दूसरी नागरिक संपत्तियों को भी नुकसान नहीं पहुंचा है.
हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है. ईयूफोर ने दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी साझा की जाएगी.
शांति और स्थिरता बनाए रखना मुख्य उद्देश्य
गौरतलब है कि बोस्निया में यूरोपीय संघ का यह शांति मिशन साल 2004 से सक्रिय है. इस मिशन में करीब 1,200 सैनिक तैनात हैं. उस वर्ष इसने नाटो से सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली थी. इसका मुख्य उद्देश्य बोस्निया में शांति और स्थिरता बनाए रखना तथा 1992 से 1995 के युद्ध के बाद हुए शांति समझौते के सैन्य प्रावधानों की निगरानी करना है. यह मिशन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के आदेश के तहत काम करता है.
ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दूध खरीदने वालों को झटका, 8 रुपये महंगा हुआ दूध, जानें क्या हैं नई कीमतें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









