Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में हालिया बारिश के बाद मौसम में ठंडक बनी हुई है. दिन के समय हल्की धूप और आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों तक राजधानी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पूर्वी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, हालांकि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान बढ़ने की भी संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार, 17 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. दिन का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 अक्टूबर तक मौसम शुष्क बना रह सकता है.
अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह पिछले स्तर से 3.5 डिग्री अधिक, लेकिन सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछले स्तर से 3.9 डिग्री कम और सामान्य से 0.2 डिग्री नीचे था. पालम में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बारिश के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ था और AQI घटकर 66 तक पहुंच गया था. हालांकि, शुक्रवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 182 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है.
रात में 5 डिग्री तक गिरावट
पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में एक से तीन डिग्री की बढ़ोतरी, जबकि रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. दक्षिण-पूर्वी हवाएं 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं. हवा में अधिकतम नमी 98 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 51 प्रतिशत दर्ज की गई. अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









