Other States

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक-टेंपो की टक्कर में 7 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

Amravati Accident : महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर ट्रक और टेंपो पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग वाहन के अंदर फंस गए.

हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया और पुलिस को हादसे की सूचना दी.

दर्शन कर वर्धा जा रहे थे श्रद्धालु

पुलिस के मुताबिक, टेंपो पिकअप में सवार लोग श्रद्धालु थे. ये सभी शेगांव से दुर्गा देवी के दर्शन करने के बाद वर्धा की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान समृद्धि महामार्ग पर उनके वाहन की ट्रक से टक्कर हो गई.

टक्कर के बाद टेंपो पिकअप बुरी तरह टूट गया. कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए थे. आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद धामणगांव रेलवे पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई.

19 लोग घायल, कई की हालत गंभीर

हादसे में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया. प्रशासन के मुताबिक, हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए हैं. इनमें 3 से 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं करीब 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

अस्पताल पहुंचे SP और नगराध्यक्ष

हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसपी निकेतन कदम भी अस्पताल पहुंचे, उन्होंने घायलों का हाल जाना और इलाज की स्थिति की जानकारी ली. धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक व टेंपो पिकअप की टक्कर की वजह क्या रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही मृतकों और घायलों की पूरी पहचान और अन्य विवरण भी एकत्र किए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें – एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, 44 साल बाद जीता स्वर्ण पदक

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button