Himachal Pradesh Accident : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा पांवटा साहिब में गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
देहरादून की ओर जा रहे थे कार सवार
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। कार में सवार लोग पांवटा साहिब से देहरादून की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीनों मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान तरसेम सिंह (32), अमित कुमार (37) और सोनू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मृतक सिरमौर, मुजफ्फरनगर और नोएडा के रहने वाले थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और डंपर चालक की तलाश जारी है।
टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्ष रूप से सामने आई स्थिति के मुताबिक, डंपर से टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। तीनों लोग कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुल्लू में HRTC बस पलटी, 6 घायल
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भी शनिवार को सड़क हादसा हुआ। मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल रोडवेज की बस बाशिंग के पास पलट गई। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क पर पलट गई। हादसे में छह लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिनमें बस का चालक और परिचालक भी शामिल हैं। सभी घायलों को कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया।
पीर निगाह हादसे में 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल
इससे पहले हिमाचल प्रदेश में पीर निगाह के पास एक ट्रक के खाई में गिरने की घटना में 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे इन सड़क हादसों ने प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान की अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक, 9 की मौत, 11 घायल, नागरिकों की मौत पर रूस ने जताई गहरी चिंता
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









