राष्ट्रीय

रूस ने यूक्रेन में फिर किया ड्रोन हमला, भारतीय फार्मा कंपनी का प्लांट तबाह, 1 की मौत

Ukraine Drone Attack : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन के सूमी शहर से बड़ी खबर सामने आई है. यहां भारतीय मूल की दवा कंपनी कुसुम ग्रुप के फार्मास्युटिकल प्लांट पर रूसी ड्रोन से भीषण हमला होने की जानकारी सामने आई है. अधिकारियों के मुताबिक, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं.

हमले में प्लांट की मुख्य इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत का मुख्य ढांचा लगभग पूरी तरह तबाह हो गया है. घटना के तुरंत बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में प्लांट के पास से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया.

400 करोड़ रुपये तक नुकसान का अनुमान

बताया जा रहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भी कुसुम ग्रुप का यह प्लांट लगातार काम करता रहा था. लेकिन ताजा हमले के बाद कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. शुरुआती अनुमानों में नुकसान करीब 400 करोड़ रुपये तक होने की बात कही जा रही है. हालांकि, अंतिम नुकसान का आकलन अभी बाकी है और हताहतों की संख्या में भी बदलाव हो सकता है.

1994 में भारत से शुरू हुआ था कारोबार

कुसुम ग्रुप की शुरुआत 1994 में भारत से यूक्रेन में दवाइयों का निर्यात करने वाली एक डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी के रूप में हुई थी. फिलहाल कंपनी का संचालन भारतीय नागरिक राजीव गुप्ता कर रहे हैं.

2002 में कंपनी ने दूसरी कंपनियों के उत्पाद बेचने के बजाय अपने खुद के ब्रांड बाजार में उतारने शुरू किए. इसके बाद कुसुम ग्रुप ने दवा निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा. कंपनी ने 2007 में भारत और 2009 में यूक्रेन के सूमी में अपने विनिर्माण प्लांट स्थापित किए. बाद में भारत में दो और प्लांट शुरू किए गए.

9 से ज्यादा देशों में दवाओं की बिक्री

आपको बता दें कि कुसुम ग्रुप 50 से ज्यादा जेनेरिक दवाओं का निर्माण करता है. कंपनी के उत्पाद यूक्रेन के अलावा उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान और फिलीपींस समेत 9 से ज्यादा देशों में बेचे जाते हैं.

कंपनी खुद को भारतीय जड़ों वाली यूक्रेनी कंपनी के तौर पर पेश करती है. ऐसे में सूमी स्थित प्लांट पर हुआ हमला न सिर्फ कंपनी के लिए बड़ा झटका है, बल्कि स्थानीय स्तर पर दवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका है. फिलहाल हमले के बाद नुकसान और उत्पादन पर पड़े असर की पूरी तस्वीर सामने आना बाकी है.

ये भी पढ़ें- पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, पुलिस में 10 हजार नए पद भरे जाएंगे, नशे के खिलाफ अंतिम और निर्णायक लड़ाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button