Road Accident : उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में शनिवार सुबह सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी, जबकि मध्य प्रदेश के धार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया. दोनों हादसों में कई लोगों की मौत हुई और कई घायल बताए जा रहे हैं.
बाराबंकी के हैदरगढ़ इलाके में सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास शनिवार तड़के करीब 5 बजे हादसा हुआ. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 52.7 किलोमीटर पर दिल्ली से करीब 80 यात्रियों को लेकर बिहार जा रही बस सड़क किनारे रुकी थी. बताया गया कि दोनों चालक पहियों की हवा जांच रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने बस को टक्कर मार दी.
दोनों ड्राइवरों की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान अजय कुमार यादव और दीप चन्दर राय के रूप में हुई है. हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर समेत आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं.
सूचना मिलते ही सुबेहा थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे राहत टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाराबंकी भेजा गया. ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस हादसे की जांच कर रही है.
धार में ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर
उधर, मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर के पिटगारा चौराहे पर शनिवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा हुआ. महू-नीमच फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल बताई जा रही है.
घायल बच्ची को बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर फोरलेन जाम कर दिया. करीब एक घंटे तक रतलाम-इंदौर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई.
ये भी पढ़ें – CEC के खिलाफ सड़कों पर संग्राम: दिल्ली में AAP का प्रदर्शन, मुंबई में CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









