Uttar Pradesh

जनता दर्शन में CM योगी का बड़ा निर्देश, बोले- हर पीड़ित को न्याय दिलाना अधिकारियों की जिम्मेदारी

CM Yogi Adityanath : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को जल्द समाधान का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, खुशहाली और मजबूत कानून व्यवस्था ही नए उत्तर प्रदेश की पहचान है. इसमें बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.

हर पीड़ित तक पहुंचे मुख्यमंत्री

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद लोगों के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं. कुर्सियों पर बैठे लोगों से मिलकर उन्होंने उनकी परेशानियों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका समाधान तय समय सीमा के भीतर किया जाए.

बुजुर्ग की शिकायत पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में रायबरेली से आए एक बुजुर्ग अपनी परेशानी बताते हुए भावुक हो गए, उन्होंने मुख्यमंत्री को शरीर पर लगी चोटें दिखाईं और बताया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला किया और रुपये भी छीन लिए.

बुजुर्ग ने बताया कि आरोपी यह सोचते थे कि वह बाहर रहते हैं, इसलिए घात लगाकर उनके साथ मारपीट की गई. उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए.

जमीन कब्जे की शिकायतों पर भी दिए आदेश

जनता दर्शन में कई लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं. इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी दबंग ने गरीब व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा किया है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, उन्होंने कहा कि जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार, 1548 करोड़ रुपये से 8,397 परियोजनाएं ला रहीं बदलाव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button