Punjab Rural Development : पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के अनुसूचित जाति (एस.सी.) बहुल 3,763 गांवों को ‘आदर्श गांव’ के रूप में विकसित करने के लिए बड़ी पहल की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और विकास के लाभ हर वर्ग तक पहुंचाना है।
डॉ. बलजीत कौर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग द्वारा इस पहल के तहत राज्य के सभी उपायुक्तों को 201 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह राशि 40 प्रतिशत या इससे अधिक अनुसूचित जाति (एस.सी.) आबादी वाले गांवों में बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों को गति देने के लिए इस्तेमाल की जाएगी। उन्होंने बताया कि चयनित सभी 3,763 गांवों के समग्र विकास के लिए आवश्यकता के अनुसार अन्य धनराशि भी चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी।
सामाजिक न्याय, समानता और सर्वांगीण विकास
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य ऐसा राज्य बनाना है, जहां विकास की रोशनी हर गांव और हर घर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार सामाजिक न्याय, समानता और सर्वांगीण विकास की अवधारणा को व्यवहार में लाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए लगातार काम कर रही है।
सुविधाओं के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि जारी की गई राशि से गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन प्रणाली, सोलर स्ट्रीट लाइटें, आंगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने और शौचालय सुविधाओं के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन पहलों से गांवों में स्वच्छता, पर्यावरण सुधार, सुरक्षित वातावरण और बेहतर जनसुविधाएं सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
प्रत्येक परिवार के लिए बेहतर जीवन स्तर
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में रहने वाले बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और प्रत्येक परिवार के लिए बेहतर जीवन स्तर, सम्मान और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रयास ग्रामीण समुदायों को मजबूत करके गांवों को स्वच्छ, आधुनिक और विकास की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।
चयनित गांवों को विकसित किया जाएगा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 201 करोड़ रुपये की जारी राशि इस बड़ी विकास योजना का पहला चरण है। पंजाब सरकार द्वारा आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से और वित्तीय सहायता जारी करके सभी चयनित गांवों को आदर्श गांवों के रूप में विकसित किया जाएगा।
हर गांव खुशहाली की यात्रा में समान भागीदार
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सामाजिक न्याय, जनहितैषी शासन और समावेशी विकास के अपने संकल्प को पूरी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ा रही है, ताकि पंजाब का हर गांव प्रगति और खुशहाली की यात्रा में समान भागीदार बन सके।
ये भी पढ़ें- UNSC में भारत की एंट्री पर रूस का बड़ा समर्थन, लावरोव ने उठाई स्थायी सीट की मांग, भारत 8 बार अस्थायी सदस्य रहा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








