Punjab Investment : पंजाब के औद्योगिक ढांचे को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए पंजाब के उद्योग, वाणिज्य एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री अमन अरोड़ा ने आज बताया कि जापानी पैकेजिंग कंपनी ‘टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड’ (टीएसएफ) ने अपने संयंत्र के व्यापक विस्तार की घोषणा की है। जापान की ‘टोपन होल्डिंग्स इंक.’ की सहायक कंपनी टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स द्वारा शहीद भगत सिंह नगर जिले के गांव रैल माजरा स्थित अपनी विनिर्माण इकाई का 244 करोड़ रुपये के निवेश से विस्तार किया जा रहा है।
उद्योग मंत्री ने यह घोषणा यहां पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। इस अवसर पर उनके साथ टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) एवं पूर्णकालिक निदेशक अमित जैन भी उपस्थित थे। इस मौके पर उद्योग विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग, निदेशक जसप्रीत सिंह तथा इन्वेस्ट पंजाब की अतिरिक्त सीईओ सेनू दुग्गल भी मौजूद थे।
रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना
अमन अरोड़ा ने कहा कि यह विस्तार पंजाब में निवेश के प्रति वैश्विक कंपनियों के बढ़ते आकर्षण और विश्वास को दर्शाता है। मार्च 2022 से अब तक राज्य को 10,673 कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से लगभग 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 6.63 लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक राज्य को 1,846 कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से 35,966 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ये आंकड़े पंजाब में दुनिया भर की कंपनियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं।
अमन अरोड़ा ने बताया कि रैल माजरा में होने वाले इस विस्तार के तहत एक नई थर्मल लेमिनेशन लाइन, एक नई कोटिंग लाइन और दो नए मेटालाइजर स्थापित किए जाएंगे। इससे संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता में 19,700 टन की वृद्धि होगी। इस विस्तार से 127 नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिनमें 22 पद महिलाओं के लिए होंगे।
900 टन धान की पराली का करेंगे उपयोग
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की टिकाऊ औद्योगिक प्रक्रियाओं के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए अमन अरोड़ा ने बताया कि कंपनी दो बायोमास आधारित हीटर भी स्थापित करेगी। ये हीटर फर्नेस ऑयल के स्थान पर हर महीने लगभग 900 टन धान की पराली का उपयोग करेंगे। इस प्रक्रिया से उत्पन्न राख स्थानीय किसानों को मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने वाले पदार्थ के रूप में उपलब्ध करवाई जाएगी।
दिसंबर 2025 में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए उद्योग मंत्री ने बताया कि टोपन कंपनी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ हुई बातचीत के दौरान कंपनी ने पंजाब में अपने संयंत्र के विस्तार की इच्छा व्यक्त की थी। इसके अतिरिक्त, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप के लिए एक कौशल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के उद्देश्य से इन्वेस्ट पंजाब के साथ समझौता भी किया गया था।
मजबूत हो रहा है विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र
अमन अरोड़ा ने कहा, “यह मौजूदा विस्तार कंपनी द्वारा उस प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने कहा कि टोपन जैसी वैश्विक कंपनियों द्वारा पंजाब में लगातार अपने कारोबार का विस्तार करने से राज्य का विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत हो रहा है। इससे अत्याधुनिक तकनीक पंजाब में आ रही है और प्रदेश के युवाओं के लिए कुशल एवं गुणवत्तापूर्ण रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
दुनिया भर के निवेशकों को पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए अमन अरोड़ा ने औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 तथा इन्वेस्ट पंजाब की ‘सिंगल विंडो प्रणाली’ के माध्यम से निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रति मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि 20 विभागों से संबंधित 300 से अधिक स्वीकृतियां अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इससे निवेशकों को तेज, पारदर्शी और निर्बाध मंजूरी प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
विस्तार से संबंधित तकनीकी जानकारियां दीं
मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के सहयोग और निवेशक-अनुकूल वातावरण के लिए आभार व्यक्त करते हुए अमित जैन ने मीडिया को पंजाब में कंपनी के संचालन और प्रस्तावित विस्तार से संबंधित तकनीकी जानकारियां दीं।
जैन ने कहा कि टोपन कंपनी पंजाब के युवाओं के कौशल विकास में भी निवेश कर रही है। मई 2026 में कंपनी ने पॉलीटेक्निक, रोपड़ में एक कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया था। यह केंद्र आईआईटी रोपड़ और सीआईपीईटी बद्दी के सहयोग से प्लास्टिक प्रोसेसिंग, टैली ईआरपी तथा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के पहले बैच के विद्यार्थियों को लगभग 100 प्रतिशत प्लेसमेंट मिली है।
उद्योग जगत के साथ महत्वपूर्ण भूमिका
उन्होंने आगे बताया कि टोपन द्वारा कौशल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए इन्वेस्ट पंजाब के साथ समझौता किया गया है। यह केंद्र ‘कौशल पंजाब पोर्टल’ के पूरक के रूप में कार्य करेगा तथा राज्यभर के लगभग 1,750 शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योग जगत के साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें- पंजाब में 1,000 नए खेल मैदानों का उद्घाटन, पंजाब बनेगा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का हब, सीएम मान का ऐलान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









