Uttar Pradesh

भगत सिंह जयंती पर CM योगी की युवाओं को खास पाती, साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने की अपील

Bhagat Singh Jayanti : शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं के नाम एक विशेष संदेश जारी किया. मुख्यमंत्री ने अपनी ‘पाती’ में युवाओं से भगत सिंह के अदम्य साहस, राष्ट्रनिष्ठा और ज्ञान से प्रेरणा लेने की अपील की, उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं को राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्पों को नई ऊर्जा देने का अवसर देता है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि केवल 23 वर्ष की अल्पायु में भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उनका जीवन त्याग, साहस और देशभक्ति की मिसाल है,

उन्होंने कहा कि युवाओं को भगत सिंह के जीवन से यह सीख लेनी चाहिए कि ज्ञान को अपनी ताकत बनाकर आगे बढ़ें और सीखने की इच्छा को हमेशा जीवित रखें. भगत सिंह हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के ज्ञाता थे.

ज्ञान को कौशल और संकल्प को कर्म से जोड़ें युवा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से आह्वान किया कि वे ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ें, उन्होंने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को पूरा कर सकता है.

मुख्यमंत्री ने युवाओं से जाति-पांति, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए.

युवा उद्यमी अभियान से रोजगार सृजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यम और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार सहयोग दे रही है, उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी का अवसर दिया जा रहा है. वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को अपना उद्यम शुरू करने और रोजगार सृजन के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रहा है.

पुस्तकें बनाएं मित्र, ज्ञान से बदलेगा समाज

CM Yogi ने युवाओं से अपील की कि वे प्रदेश में उपलब्ध ज्ञान के संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करें, उन्होंने बताया कि हर जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं, उन्होंने कहा कि युवा पुस्तकों को अपना मित्र बनाएं, नए विचारों को जानें और अपनी जिज्ञासा को लगातार बनाए रखें. एक पुस्तक किसी युवा के जीवन में नया विचार ला सकती है और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान उत्तर प्रदेश के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार, 1548 करोड़ रुपये से 8,397 परियोजनाएं ला रहीं बदलाव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button