Film Industry News : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान अब हमारे बीच नहीं रहे. फिल्म ‘वेलकम’, ‘गदर’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी से पहचान बनाने वाले मुश्ताक खान ने 75 साल की उम्र में अंतिम सांस ली. वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे.
अभिनेता के निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई. फैंस और कई सेलेब्स सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव ने भी मुश्ताक खान को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया.
राजपाल यादव ने याद की आखिरी मुलाकात
राजपाल यादव ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर मुश्ताक खान की तस्वीर शेयर की और उनके निधन पर दुख जताया, उन्होंने लिखा कि वह दोपहर में मुश्ताक भाई से मिलने गए थे. दोनों के बीच बातचीत हुई, उन्होंने उन्हें देखा, हाथ मिलाया और उनकी बातों पर प्रतिक्रिया भी दी.
राजपाल यादव ने कहा कि कुछ घंटे पहले जिनसे मुलाकात हुई, जिनसे हाथ मिलाया, उनके अब इस दुनिया में नहीं होने की बात पर यकीन करना मुश्किल है, उन्होंने मुश्ताक खान को हमेशा एक लोकप्रिय इंसान और बेहतरीन अभिनेता बताया.
अस्पताल में हुई थी दोनों कलाकारों की मुलाकात
सोशल मीडिया पर राजपाल यादव और मुश्ताक खान की मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में मुश्ताक खान अस्पताल के बेड पर नजर आ रहे हैं, जहां राजपाल यादव उनसे मिलकर उनका हौसला बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं. राजपाल ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनकी इच्छाशक्ति मजबूत है और वह जल्द ठीक हो जाएंगे. इस मुलाकात को देखकर कई फैंस भावुक हो गए.
पांच साल पहले पता चला था लंग कैंसर
मिली जानकारी के मुताबिक, मुश्ताक खान पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे. उनके बिजनेस पार्टनर शिवम यादव के अनुसार, करीब पांच साल पहले उन्हें लंग कैंसर के बारे में पता चला था. इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे, लेकिन हाल ही में बीमारी दोबारा लौट आई.
परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं
बताया गया कि उनका कैंसर आखिरी स्टेज पर था. मुश्ताक खान अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं. उनके कई प्रोजेक्ट पाइपलाइन में थे.
वहीं, अभिनेता सनी देओल ने भी मुश्ताक खान के निधन पर दुख जताया, उन्होंने उनकी तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें अच्छा इंसान और शानदार अभिनेता बताया. सनी देओल ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और भगवान से परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत देने की प्रार्थना की.
ये भी पढ़ें- सुहागिन महिलाओं के लिए खास दिन, इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









