राष्ट्रीय

चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया पर विवाद तेज, राहुल गांधी ने उठाए सवाल, शाम 4 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

EC Controversy : चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “संविधान के दुश्मनों का पर्दाफाश हो गया है. न्याय जरूर होगा.”

राहुल गांधी की यह तस्वीर उनके पहले के प्रेस कॉन्फ्रेंस की बताई जा रही है, जिसमें उन्होंने हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित धांधली के आरोप लगाए थे.

शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने जानकारी दी कि वह गुरुवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब चुनाव आयोग के भीतर SIR प्रक्रिया को लेकर आपत्तियों की खबरों के बाद विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, SIR प्रक्रिया के दौरान दो चुनाव आयुक्तों ने कई बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं. रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है.

राहुल गांधी ने पहले भी लगाए थे आरोप

इससे पहले बुधवार को राहुल गांधी ने कहा था कि वोट की चोरी भारत के लोगों के खिलाफ अपराध है और यह संविधान पर सीधा हमला है, उन्होंने आरोप लगाया था कि इसके लिए BJP, RSS और चुनाव आयोग जिम्मेदार हैं.

कांग्रेस अब चुनाव आयोग के मुद्दे को लेकर संगठनात्मक स्तर पर आगे की रणनीति बनाने की तैयारी में है. इसी को लेकर 29 सितंबर को दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक बुलाई गई है. बैठक में SIR प्रक्रिया, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

चुनाव आयोग ने दी सफाई

वहीं, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट पर चुनाव आयोग ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. आयोग ने कहा कि किसी भी संस्थान में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां आना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है.

चुनाव आयोग ने कहा कि सभी फैसले निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुसार लिए गए हैं और संस्थान के भीतर चर्चा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा होती है.

ये भी पढ़ें – UP के माध्यमिक विद्यालयों को मिले 3,567 नए शिक्षक, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button