Hurun Rich List 2026 : भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है. एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक, गौतम अडाणी और उनका परिवार देश के सबसे अमीर परिवार बन गए हैं. अडाणी परिवार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है.
रिपोर्ट के अनुसार, अडाणी परिवार की कुल संपत्ति में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई है. वहीं, मुकेश अंबानी की संपत्ति में 10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद उनकी नेटवर्थ 8.63 लाख करोड़ रुपए रह गई और वे दूसरे स्थान पर पहुंच गए.
1,810 अमीर लोगों को मिली सूची में जगह
एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा संपत्ति रखने वाले 1,810 लोगों को शामिल किया गया है. इन सभी अमीरों की कुल संपत्ति मिलाकर 187.5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई है.
इस बार सूची में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है. कुल 131 महिलाओं ने इस लिस्ट में जगह बनाई है. एचसीएल टेक्नोलॉजीज की रोशनी नादर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं.
एलएन मित्तल ने लगाई लंबी छलांग
आर्सेलरमित्तल के एलएन मित्तल और उनका परिवार इस सूची में आठ पायदान ऊपर पहुंच गया है. 3.39 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया है.वहीं, वेदांता के अनिल अग्रवाल 2.08 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ नौवें स्थान पर रहे. टॉरेंट फार्मा के समीर मेहता ने पहली बार टॉप-10 में जगह बनाई है.
AI सेक्टर की पहली बार एंट्री
हुरुन रिच लिस्ट 2026 में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI सेक्टर को अलग श्रेणी के तौर पर शामिल किया गया है. इस सेक्टर से जुड़े 19 अमीरों ने सूची में जगह बनाई है, जिनकी कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपए है. AI कंपनी ‘विस्प्र फ्लो’ के 28 वर्षीय सह-संस्थापक तनय कोठारी और सहज गर्ग 4,200-4,200 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सबसे युवा AI उद्यमी बनकर सामने आए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 1 अरब डॉलर से ज्यादा संपत्ति वाले अरबपतियों की संख्या बढ़कर 391 हो गई है. पिछले एक साल में इस सूची में 27 नए नाम जुड़े हैं. हुरुन रिपोर्ट के अनुसार, सूची में शामिल करीब 70 प्रतिशत लोग सेल्फ-मेड हैं. वहीं, मुंबई 465 अमीरों के साथ देश की सबसे पसंदीदा अमीर नगरी बनी हुई है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









