विदेश

यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, 1,000 से ज्यादा ड्रोन से मॉस्को को बनाया निशाना

Ukraine Russia War : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर बड़ा हमला सामने आया है. यूक्रेन ने रूस पर 1000 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं. रूसी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में राजधानी मॉस्को को भी निशाना बनाया गया.

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को पर हुआ यह हमला अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया जा रहा है. यह हमला ऐसे समय हुआ जब रूस में संसदीय चुनाव का तीसरा और अंतिम दिन चल रहा था.

मॉस्को की ओर आने वाले 450 ड्रोन नष्ट

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि राजधानी की ओर आने वाले 450 ड्रोन को नष्ट कर दिया गया, उन्होंने बताया कि हमले में मॉस्को ऑयल रिफाइनरी और एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है.

सोबयानिन ने इस हमले को मॉस्को पर हुआ “अभूतपूर्व हमला” बताया और कहा कि इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालना था, हालांकि उन्होंने दावा किया कि दुश्मन अपने मकसद में सफल नहीं हुआ.

ड्रोन हमले में 2 लोगों की मौत

मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव के अनुसार, ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं. मृतकों में 74 वर्षीय एक व्यक्ति और 44 वर्षीय एक महिला शामिल हैं. घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस हमले में यूक्रेन में निर्मित फ्लेमिंगो और पेलिकन मिसाइलों समेत कई तरह के ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया.जेलेंस्की के मुताबिक, हमलों का निशाना रूस की तेल और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं थीं, उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य रूस की युद्ध क्षमता को आर्थिक नुकसान पहुंचाना है.

1100 ड्रोन नष्ट करने का दावा

वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेना ने देशभर में 1100 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए हैं. रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन ड्रोन में क्रीमिया और काला सागर के ऊपर उड़ रहे ड्रोन भी शामिल थे. रूस ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कई इलाकों में कार्रवाई कर हमलों को नाकाम किया.

रूस में चल रहा संसदीय चुनाव युद्ध शुरू होने के बाद का पहला युद्धकालीन संसदीय चुनाव बताया जा रहा है. इस चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की नीतियों के विरोध में विपक्ष की भूमिका सीमित रही है.

यूक्रेन ने रूसी चुनाव को अवैध बताया

रूस ने यूक्रेन के उन चार क्षेत्रों में भी मतदान कराया है, जिन्हें मॉस्को ने युद्ध के बाद अपने क्षेत्र में शामिल करने का दावा किया था. हालांकि, इन क्षेत्रों के सभी हिस्सों पर रूस का नियंत्रण नहीं है.

यूक्रेन ने इन इलाकों में रूसी चुनाव कराने को अवैध बताया है. इससे पहले रूस ने यूक्रेन के कीव के पास बुचा जिले में भीषण हमले किए थे, जिसमें 37 लोगों की मौत हुई थी.फिलहाल दोनों देशों के बीच ड्रोन हमलों और जवाबी कार्रवाई का सिलसिला जारी है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.

ये भी पढ़ें- Spam Calls से मिलेगी राहत, TRAI ने बदले नियम, AI से होगी संदिग्ध नंबरों की पहचान, नंबर होंगे बंद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button