Delhi NCR

दिल्ली से मानसून की विदाई, 19 सितंबर से बदल जाएगा मौसम का मिजाज

Delhi Weather : दिल्ली में मानसून अब धीरे-धीरे अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है. सितंबर महीने के पहले सप्ताह में भी राजधानी में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. इसके बाद दिल्ली से भी मानसून की विदाई की संभावना बढ़ गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में 15 और 16 सितंबर को हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 21 सितंबर के आसपास दिल्ली से मानसून की वापसी की स्थिति बन सकती है. इसके बाद शहर में मौसम के अधिक शुष्क होने का अनुमान है.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश दर्ज नहीं

सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश दर्ज नहीं की गई. इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था. वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच राजधानी के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन के समय पूर्वी हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.

18 सितंबर से मौसम हो सकता है शुष्क

विभाग ने बताया कि अगले सात दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना कम है. 17 सितंबर तक दिल्ली में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके बाद 18 सितंबर से मौसम के अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी में तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया. न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही. पालम क्षेत्र में दोपहर के समय हवा की रफ्तार 33 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी. राजधानी में अधिकतम नमी का स्तर 87 प्रतिशत और न्यूनतम नमी का स्तर 62 प्रतिशत दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें- हिंदी दिवस पर अनुवादिनी फाउंडेशन में खास आयोजन, भाषा और संस्कृति के महत्व पर हुई चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button