Other States

असम दौरे पर यूपी का मीडिया प्रतिनिधिमंडल, राज्यपाल से की मुलाकात

Media Delegation : असम-मेघालय मीडिया टूर के तहत असम पहुंचे उत्तर प्रदेश के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने गुवाहाटी स्थित लोकभवन में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की. पत्र सूचना कार्यालय, लखनऊ के नेतृत्व में आयोजित इस दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के विकास, पर्यटन, संस्कृति और विरासत से जुड़े विषयों पर राज्यपाल के साथ विस्तार से बातचीत की.

राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने संवाद के दौरान असम की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और प्राकृतिक संपदा का उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि असम देश की विविधता में एकता की भावना को समझने का एक बेहतर उदाहरण है. अलग-अलग राज्यों से आने वाले लोगों को यहां की संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विविधता को नजदीक से जानने का अवसर मिलता है.

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ को केवल किसी कार्यक्रम तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए. यह देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और आपसी समझ को मजबूत करने का माध्यम है.

विकास और कनेक्टिविटी पर चर्चा

राज्यपाल ने असम में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया, उन्होंने बताया कि राज्य में बुनियादी ढांचे के साथ कनेक्टिविटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में लगातार काम हो रहा है. बातचीत के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने असम की विकास यात्रा और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी हासिल की.

जनता से संवाद पर जोर

राज्यपाल ने लोकभवन और राजभवन जैसे संस्थानों की भूमिका को भी रेखांकित किया, उन्होंने कहा कि इन संस्थानों का उद्देश्य जनता के साथ संवाद कायम करना और लोगों की सेवा करना है. लोकतंत्र में जनभागीदारी और निरंतर संवाद को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया.

मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश और असम के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों से जुड़े विषयों पर भी राज्यपाल से जानकारी ली. यह मीडिया टूर दोनों राज्यों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने और असम की विकास यात्रा को देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button