Indonesia Ship Missing : इंडोनेशिया से इस समय बड़ी खबर सामने आई है. पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन जा रहा यात्रियों से भरा जहाज जावा सागर में अचानक संपर्क से बाहर हो गया. जहाज पर करीब 240 लोग सवार बताए जा रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही इंडोनेशियाई बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के मुताबिक, जहाज का कम्युनिकेशन सिस्टम खराब होने की जानकारी मिली थी. जहाज के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि सफर के दौरान खराब मौसम का सामना करना पड़ा था. इसके बाद जहाज से संपर्क टूट गया.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में दर्ज हुई थी. यह जगह बंजारमासिन के एक घाट से करीब 148 किलोमीटर दूर बताई गई है. बचाव एजेंसियां अब इसी क्षेत्र के आसपास जहाज की तलाश कर रही हैं.
सुराबाया से हुआ था रवाना
ऑपरेटर PT Virgo Yoel Rihi के मुताबिक, जहाज शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:13 बजे पूर्वी जावा के सुराबाया से रवाना हुआ था. जहाज को बंजारमासिन पहुंचना था, लेकिन रास्ते में उसका संपर्क टूट गया.
सुराबाया इंडोनेशिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है. जहाज के लापता होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय बचाव एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं.
बचाव जहाज को आखिरी लोकेशन की ओर भेजा
बंजारमासिन के बसिरिह सर्च एंड रेस्क्यू पियर से एक बचाव दल रवाना किया गया है. इसके साथ ही एक बचाव जहाज को ‘Virgo Transport 8’ की आखिरी ज्ञात संभावित लोकेशन की दिशा में भेजा गया है.
सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख आई पुतु सुदायाना ने बताया कि जहाज के ऑपरेटर से खराब मौसम की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई. फिलहाल बचाव दल समुद्री क्षेत्र में जहाज और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटा है. वहीं, अधिकारियों की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- BRICS देशों में यूपी का दबदबा! योगी सरकार की नीतियों से ₹47,484 करोड़ का निर्यात
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









