विदेश

अमेरिका-ईरान तनाव फिर चरम पर, 5 तेल टैंकर तबाह, जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर मिसाइल हमला

Iran Missile Attack : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी नौसेना के एक युद्धपोत को बैलिस्टिक मिसाइलों से दो बार निशाना बनाने की कोशिश की. दोनों हमले नाकाम होने के बाद अमेरिकी सेना ने 8 सितंबर को ईरान से जुड़े पांच कच्चे तेल के टैंकरों पर कार्रवाई की.

CENTCOM के अनुसार, अमेरिकी बलों ने ओमान की खाड़ी में चार टैंकरों—M/T Kaviz, M/T Charminar, M/T Horizon 1 और M/T Riesco—को निशाना बनाया. पांचवें टैंकर M/T Derya पर खार्ग द्वीप के पास कार्रवाई की गई. अमेरिकी सेना का कहना है कि हमला करने से पहले जहाजों के चालक दल को उन्हें छोड़ने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद इन जहाजों को इस तरह क्षतिग्रस्त किया गया कि वे संचालन के लायक नहीं रहे.

अमेरिकी कमांड ने दावा किया कि ये टैंकर ईरान के अरबों डॉलर के गुप्त तेल नेटवर्क का हिस्सा थे. उसके मुताबिक, इस नेटवर्क से होने वाली कमाई IRGC और उसके क्षेत्रीय सहयोगी संगठनों तक पहुंचती है.

5 सितंबर को भी हुई थी कार्रवाई

CENTCOM ने बताया कि 5 सितंबर को भी तीन ईरानी कच्चे तेल के टैंकरों को निशाना बनाया गया था. अमेरिकी कमांड के अनुसार, इससे पहले IRGC ने एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक पर हमला करने की कोशिश की थी. CENTCOM का कहना है कि अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाने की IRGC की अब तक की सभी कोशिशें विफल रही हैं.

जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर मिसाइल हमला

वहीं, ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई का जवाब देते हुए जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाने का दावा किया है. IRGC ने कहा कि उसने जॉर्डन स्थित अल-अजराक बेस पर भारी मिसाइल हमला किया. जॉर्डन की सेना के मुताबिक, ईरान से दागी गई 20 में से 18 मिसाइलों को मार गिराया गया. बाकी दो मिसाइलें सुनसान इलाकों में गिरीं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

ये भी पढ़ें – यूपी का मतलब अल्टीमेट पोटेंशियल, टेक्सटाइल सेक्टर बनेगा नई औद्योगिक ताकत: सीएम योगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button