Miami Airport Accident : अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन के एक कार्गो विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया. सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से आया विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया और कई गाड़ियों से जा टकराया. टक्कर के बाद विमान में आग लग गई. हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं. दो अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनकी चोटें कम गंभीर बताई गई हैं.
मियामी-डेड काउंटी अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2 बजे हुई. हादसे के बाद घटनास्थल पर धुएं का घना गुबार दिखाई दिया. राहत और बचाव के लिए मियामी-डेड फायर रेस्क्यू की 60 से अधिक यूनिट मौके पर पहुंचीं.
एक व्यक्ति गाड़ी के नीचे दबा मिला
रेस्क्यू फायर चीफ रे जदाल्लाह के अनुसार, विमान का पायलट और को-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे. वहीं, विमान की चपेट में आई कुछ गाड़ियों में भी लोग फंसे हुए थे. एक व्यक्ति गाड़ी के नीचे दबा मिला. बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला.
अधिकारियों ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग विमान में सवार थे या उन वाहनों में मौजूद थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी थी. विमान से ईंधन के रिसाव ने राहत अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना दिया.
32 साल पुराना था बोइंग 767
हादसे में शामिल विमान बोइंग 767 था और इसकी उम्र करीब 32 साल बताई जा रही है. इसे नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी 21 Air संचालित करती थी. विमान को शुरुआत में यात्री विमान के तौर पर तैयार किया गया था. बाद में 2015 में इसे कार्गो विमान में बदला गया.
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, कार्गो विमान में बदले जाने से पहले यह विमान दो दशक से अधिक समय तक अलग-अलग एयरलाइंस के लिए उड़ान भर चुका था. हादसे के बाद एयरपोर्ट पर बड़े पैमाने पर इमरजेंसी ऑपरेशन चलाया गया. दुर्घटना की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- यूपी में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 2.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









