Haryana News : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी में नशे के विरुद्ध आयोजित यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाई. इस दौरान उन्होंने मैराथन में शामिल युवाओं को संबोधित किया और नशे के खिलाफ अभियान में युवाओं की भागीदारी को अहम बताया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जावान युवाओं के बीच आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है. हजारों युवाओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि रेवाड़ी ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है.
नशे के खिलाफ हर कदम कड़ा प्रहार
सीएम सैनी ने कहा कि 5 किलोमीटर की ‘रन फॉर ऑल’ हो या 10 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़, इनमें भाग लेने वाले युवाओं का हर कदम नशे के खिलाफ कड़ा प्रहार है, उन्होंने कहा कि इस मैराथन का संदेश स्पष्ट है- ‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग.’मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ जन जागरण की ऐसी यात्रा होगी, जिसकी गूंज पूरे हरियाणा में सुनाई देगी.
उपचार और पुनर्वास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने नशे को हरियाणा के परिवारों के दर्द और युवाओं के भविष्य से जोड़कर देखा है. नशे के विरुद्ध कार्रवाई, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास, इन चारों स्तरों पर मजबूत व्यवस्था तैयार की गई है.
नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है. प्रदेश में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की स्थापना भी की गई है, उन्होंने कहा कि सरकार नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प के साथ एक्शन प्लान 2029 पर मजबूती से आगे बढ़ रही है.
160 नशा मुक्ति केंद्र खोले
सीएम सैनी ने कहा कि प्रदेश में पीड़ितों के पुनर्वास के लिए 160 नशा मुक्ति केंद्र खोले गए हैं. नशा मुक्ति और पुनर्वास के लिए ग्राम तथा वार्ड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक मिशन टीमों का गठन किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में हरियाणा उदय सामुदायिक जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है. अब तक कुल 2,485 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 16 लाख 61 हजार लोगों ने भाग लिया है.
युवाओं के लिए बढ़ेंगे शिक्षा-रोजगार अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं के सामने शिक्षा, खेल, कौशल, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाए हैं, उन्होंने युवाओं से अपने क्षेत्र में ‘नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेवाड़ी से उठा यह संकल्प पूरे प्रदेश में गूंजना चाहिए- ‘न नशा करेंगे, न नशा बिकने देंगे.’
ये भी पढ़ें- Kanpur Aircraft Crash : कानपुर में गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट और ट्रेनर की मौत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









