विदेश

जेलेंस्की की चेतावनी पर भड़के पुतिन? रूस ने कीव पर मिसाइल-ड्रोन से किया हमला

Russia Ukraine War : रूस- यूक्रेन के बीच जारी जंग एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की चेतावनी के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कड़ा जवाब दिया है. रूस ने राजधानी कीव समेत यूक्रेन के कई इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं.

मंगलवार को जेलेंस्की ने विदेशी एयरलाइंस, बीमा कंपनियों और सरकारों को चेतावनी दी थी कि यूक्रेन का लंबी दूरी तक मार करने वाला ड्रोन अभियान देश के ऊपर से गुजरने वाली नागरिक उड़ानों के लिए खतरा बढ़ा सकता है, उन्होंने कहा था कि रूस के आसमान में सुरक्षित दिन अब खत्म हो गए हैं.

कीव में जोरदार धमाका

जेलेंस्की के बयान के बाद रूस की ओर से कीव और ओडेशा पर मिसाइलों तथा ड्रोन से हमले किए गए. बुधवार को राजधानी कीव में जोरदार धमाका सुनाई दिया.

कीव के मेयर के मुताबिक, शेवचेनकीव्स्की जिले में ड्रोन हमले के कारण छह मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई. घटना के बाद इमरजेंसी सेवाओं को मौके पर भेजा गया. वहीं, ओडेशा में रूस ने एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर और पावरग्रिड को निशाना बनाया. यूक्रेन के कई शहरों में हमलों के बाद धमाकों की आवाज सुनाई दी और आसमान धुएं से भर गया.

पुतिन बोले- आतंकवादियों से नहीं होती बातचीत

जेलेंस्की की धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए पुतिन ने कहा कि अगर इस तरह की बात खुले तौर पर कही गई है तो यह राज्य-प्रायोजित आतंकवाद की दिशा में कदम है. किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुतिन से जेलेंस्की के बयान पर सवाल किया गया था, उन्होंने कहा कि एक तरफ कीव बातचीत और आमने-सामने की बैठक की बात करता है, लेकिन दूसरी तरफ ऐसी धमकियां दी जा रही हैं.

पुतिन ने कहा कि आतंकवादियों के साथ बातचीत नहीं होती, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कीव की धमकियों के कारण कोई दुखद घटना होती है तो मॉस्को उसका जवाब देने का रास्ता खोज लेगा.

इससे पहले भी हुआ था लंबा हमला

इससे पहले 1-2 सितंबर की रात और सुबह रूस ने कीव और आसपास के इलाकों में 12 घंटे से ज्यादा समय तक हमले किए थे. इसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे. घायलों में बच्चे भी शामिल थे.

ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button