
Delivery Boy Murder Case : ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की हत्या के मामले में मंगलवार तड़के पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। शंकरपुर स्टेडियम के पास हुई कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी राहुल किरार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीसरा आरोपी लाला अग्रवाल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार सर्चिंग कर रही हैं।
धौलपुर-आगरा की ओर भागने की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक, विवेक मीणा हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपी शहर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बाइक से तिघरा की तरफ से पुरानी छावनी होते हुए शहर की सीमा पार करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि उनकी योजना धौलपुर और आगरा की ओर जाने की थी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शंकरपुर स्टेडियम के पास बैरिकेडिंग कर नाकाबंदी की। तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच बाइक सवार आरोपी वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस की ओर से करीब 4 से 5 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान एक गोली मुख्य आरोपी सौरभ यादव के घुटने के नीचे पैर में लगी। घायल होने के बाद वह जमीन पर गिर गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके साथी राहुल किरार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल सौरभ अस्पताल में भर्ती
गोली लगने के बाद सौरभ यादव को तत्काल जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं फरार आरोपी लाला अग्रवाल को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों और आसपास के जंगलों में तलाश कर रही हैं।
मोमोज के पैसे को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, जनकगंज निवासी विवेक मीणा ऑनलाइन डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। 27 अगस्त की रात वह बहोड़ापुर के आनंद नगर में डिलीवरी देने के बाद मोमोज खाने के लिए रुका था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे सौरभ यादव, राहुल किरार और लाला अग्रवाल का ठेला संचालक से मोमोज के पैसे को लेकर विवाद हो गया।
बीच-बचाव करने पर विवेक को मारी गोली
आरोप है कि विवेक ने विवाद में बीच-बचाव करते हुए युवकों को टोका, जिसके बाद वे उससे उलझ गए। इसी दौरान सौरभ यादव ने कथित तौर पर विवेक के सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
51 सेकंड के सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
विवेक मीणा की हत्या से जुड़ा 51 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। फुटेज में वारदात कैद होने की बात सामने आई थी। हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बना हुआ था।
तीसरे आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग जारी
ग्वालियर सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें मुख्य आरोपी सौरभ यादव घायल हुआ और राहुल किरार को गिरफ्तार किया गया। तीसरे आरोपी लाला अग्रवाल की तलाश अभी जारी है।
ये भी पढ़ें – मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत सेप्सिस-सेप्टिक शॉक के 12,467 उपचार, ₹51.58 करोड़ की वित्तीय सहायता
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









