Hisar Court Firing : हरियाणा के हिसार जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। कोर्ट गेट के बाहर मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने उस पर करीब 12 राउंड फायरिंग की।
घटना उस समय हुई जब विनोद पानू कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचा था। बताया जा रहा है कि कोर्ट की कार्रवाई के बाद वह बाहर निकल रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
पुलिस ने मामले की जांच तेज की
विनोद पानू हिसार का चर्चित अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर मामलों में केस दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, उस पर करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, विनोद पानू पर विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या का भी आरोप था। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
करीब 2 से 3 मिनट तक फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शी वकील दीपांशु कडवासरा ने बताया कि पहले एक गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद जब वह बाहर आए तो विनोद जमीन पर गिरा हुआ था। हमलावर ने इसके बाद भी कई गोलियां चलाईं और मौके से भागने की कोशिश की। वकील के मुताबिक, वारदात के दौरान करीब 2 से 3 मिनट तक फायरिंग होती रही। बताया गया कि हमलावरों की संख्या तीन थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ने की बात कही है।
गैंगवार और अपराधियों के बढ़ते हौसले
इस घटना ने हरियाणा में गैंगवार और अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले चरखी दादरी में भी हथियारबंद हमलावरों ने एक वाहन पर फायरिंग की थी, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी। उस हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली थी।
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









