Jharkhandराज्य

झारखंड बंद के बीच रांची में सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता, कई जगह टायर जलाकर प्रदर्शन

Jharkhand Bandh 2026 : रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी के आह्वान पर आज 11 अगस्त को झारखंड बंद है. पार्टी ने सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया है. राजधानी रांची में बंद का असर कई इलाकों में दिखाई देने लगा है. बीजेपी कार्यकर्ता अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और कुछ स्थानों पर सड़क जाम भी किया गया है.

रांची के हरमू चौक पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध जताया. कांके रोड स्थित CMPDI गेट के पास भी बंद समर्थकों ने सड़क पर टायर जलाया और रास्ता रोकने की कोशिश की. न्यूक्लियस मॉल के पास भी टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया.

जेपी मार्केट और धुर्वा बस स्टैंड में बंद समर्थकों ने दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की. वहीं अरगोड़ा चौक पर समर्थक सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. सेक्टर-3 में साप्ताहिक शालीमार बाजार लगा, हालांकि बाहर से आने वाले दुकानदारों की संख्या कम रही.

JPSC-JSSC परीक्षा को लेकर चल रहा आंदोलन

JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. सोमवार को प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे. उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की. स्थिति नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और बाद में लाठीचार्ज भी किया गया.

इसी लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने झारखंड बंद का आह्वान किया है. बंद की घोषणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की थी.

रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

बंद के ऐलान के बाद रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है. संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस की विशेष निगरानी संभावित प्रदर्शन स्थलों पर भी है.

जयपाल सिंह स्टेडियम में मौजूद छात्रों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्टेडियम से लेकर विधानसभा तक सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है. पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है.

ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल, फ्लेक्स फ्यूल या EV कार? नई गाड़ी खरीदने से पहले जानें किसमें है ज्यादा फायदा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button