Jharkhandराज्य

JPSC-JSSC छात्रों का विधानसभा मार्च शुरू, रांची में कंटीले तारों से बैरिकेडिंग

JPSC JSSC Protest : झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का आज बड़ा दिन है. विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अपनी दूसरी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विधानसभा घेराव के लिए मार्च शुरू कर दिया है. छात्रों के मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है.

विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है. प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए हैं. विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. इसके अलावा पूरे इलाके में BNS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है.

तीन दौर की बातचीत के बाद भी नहीं बनी बात

छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है. बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच पांच घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई. सरकार ने छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताते हुए आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन CBI जांच समेत कुछ अहम मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी.

इसके बाद छात्रों ने आज विधानसभा मार्च निकालने का फैसला किया. छात्र संगठन का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर समाधान नहीं निकलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा.

छात्रों से शांतिपूर्ण मार्च की अपील

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का दावा है कि उन्हें रांची पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है. वहीं, छात्र संगठन ने प्रदर्शनकारियों से पुलिस के साथ किसी भी तरह की झड़प नहीं करने की अपील की है.

संगठन की ओर से छात्रों से कहा गया है कि वे उपद्रवी तत्वों से दूरी बनाए रखें और शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च करें.

BJP नेताओं को हिरासत में लिया

इधर, रांची में मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे BJP नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. BJP नेता JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. ऐसे में छात्रों के विधानसभा मार्च और BJP के प्रदर्शन के बीच रांची में सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राज्य की संभावना से किया इनकार, कहा- जब तक मैं PM हूं, फिलिस्तीनी राज्य नहीं…

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button