Jharkhandराज्य

JPSC-JSSC छात्रों का आज विधानसभा मार्च, 3 दौर की बातचीत फेल, रांची में बढ़ाई गई सुरक्षा

Ranchi Student Protest : झारखंड में JPSC और JSSC में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्र डटे हुए हैं. सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत बेनतीजा रहने के बाद अब छात्रों ने सोमवार यानी आज झारखंड विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है. सुबह 10 बजे छात्रों का मार्च शुरू होगा.

विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. विधानसभा के आसपास कई स्तर की सुरक्षा तैनात की गई है और कंटीले तारों से बैरिकेडिंग की गई है. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा.

रांची पहुंच रहे छात्रों की बढ़ी भीड़

रविवार सुबह से ही झारखंड के अलग-अलग जिलों से छात्र रांची पहुंचने लगे. पुरानी विधानसभा परिसर और मोरहाबादी मैदान के आसपास अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ने से वहां लगाया गया पंडाल भी छोटा पड़ गया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मार्च को देखते हुए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

प्रशासन ने की शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

रांची जिला प्रशासन ने आंदोलनकारी छात्रों से किसी भी तरह के उग्र प्रदर्शन से दूर रहने की अपील की है. प्रशासन ने मार्च के दौरान हिंसा या गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर चेतावनी भी दी है. वहीं, आंदोलनकारियों का आरोप है कि दूसरे जिलों से रांची आ रहे सैकड़ों छात्रों को पुलिस बलपूर्वक रोक रही है.

तीसरे दौर की बातचीत में फंसा पेंच

रविवार को छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की बातचीत पांच घंटे से अधिक चली. सरकार ने 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने और मामले की जांच कराने पर सहमति जताई. छात्रों की कुछ अन्य मांगों पर भी सहमति बनी, लेकिन CBI जांच समेत कई मुद्दों पर बात आगे नहीं बढ़ सकी.

विधानसभा मार्च को लेकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) मनोज कौशिक ने पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मार्च करने की अपील की. एडीजी ने कहा कि छात्रों की जिम्मेदारी है कि असामाजिक तत्वों और उपद्रव करने वालों को मार्च में शामिल होने से रोका जाए.

ये भी पढ़ें- नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी राज्य की संभावना से किया इनकार, कहा- जब तक मैं PM हूं, फिलिस्तीनी राज्य नहीं…

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button