Jharkhandराज्य

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी, आज सरकार से तीसरे दौर की बातचीत, 10 अगस्त को बड़ा मार्च

JPSC JSSC Protest : झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी है. सरकार और छात्रों के बीच दो दौर की बातचीत बेनतीजा रहने के बाद आज दोपहर 12 बजे तीसरे दौर की वार्ता होने वाली है. बातचीत से पहले रांची के सदर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर अनशन कर रहे अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य की जांच की.

डॉक्टर एपी सिन्हा ने बताया कि अनशन कर रहे छात्रों का वजन कम हुआ है, लेकिन वे अभी सचेत हैं और उनकी स्थिति स्थिर है. उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतक सामान्य बताए गए हैं.

डॉक्टर ने कहा कि अगर किसी छात्र की तबीयत बिगड़ती है तो उसे अस्पताल ले जाया जाएगा. हालांकि, अनशन कर रहे छात्र फिलहाल अस्पताल जाने के लिए तैयार नहीं हैं. ऐसे में उन्हें स्टेडियम में ही जरूरी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.

देवेंद्र महतो की तबीयत बिगड़ी

पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र महतो की रविवार तड़के करीब 3 बजे तबीयत बिगड़ गई थी. डॉक्टरों ने उनकी जांच की और फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा है.

छात्रों के आंदोलन को JLKM विधायक जयराम महतो का भी समर्थन मिला है. वह रविवार सुबह पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला उपवास पर बैठे, उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार से छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की.

10 अगस्त को विधानसभा मार्च की चेतावनी

छात्र नेता रविंद्र पासवान ने सरकार पर आंदोलन को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र एकजुट हैं और सरकार को उनकी मांगें जल्द स्वीकार करनी चाहिए.

उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो 10 अगस्त को विधानसभा मार्च किया जाएगा. उनके मुताबिक, इस मार्च में पूरे झारखंड से 50 हजार से 1 लाख छात्र शामिल हो सकते हैं और यह आंदोलन के निर्णायक दौर की शुरुआत होगी.

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button