Cricket News : भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर में होने वाली प्रस्तावित व्हाइट-बॉल क्रिकेट सीरीज पर संकट के बादल मंडराते नजर आ रहे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) अभी भी सीरीज की मेजबानी को लेकर उम्मीद बनाए हुए है, लेकिन दोनों देशों के बीच हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों ने इसके आयोजन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी के कुछ नेताओं की ओर से दिल्ली से वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में फिर से तनाव देखने को मिला है। बांग्लादेश सरकार ने इस मामले पर आपत्ति जताई है। वहां के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि अगर भारत की धरती से ऐसे बयान दिए जाते हैं, जिनसे बांग्लादेश की राजनीतिक स्थिति प्रभावित होती है, तो इसका असर दोनों देशों के संबंधों पर पड़ सकता है।
अब पहले जैसी नहीं दिख रही उम्मीद
इस राजनीतिक खींचतान का असर अब क्रिकेट पर भी पड़ता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से जुड़े अधिकारियों को भारत के दौरे को लेकर अब पहले जैसी उम्मीद नहीं दिख रही है। BCB इस सीरीज को दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार का जरिया मान रहा था, लेकिन मौजूदा हालात ने उसकी चिंताएं बढ़ा दी हैं।
राजनीतिक परिस्थितियां एक बड़ी वजह
इससे पहले बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला किया था। हालांकि, उस समय कुछ अधिकारियों का दावा था कि इस फैसले के पीछे राजनीतिक परिस्थितियां भी एक बड़ी वजह थीं। बाद में सरकार बदलने और राजनीतिक हालात में बदलाव के बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में सुधार की उम्मीद जगी थी।
आर्थिक और व्यावसायिक रूप से अवसर
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी भारत की मेजबानी को काफी अहम मानते हैं, क्योंकि भारतीय टीम का दौरा किसी भी क्रिकेट बोर्ड के लिए आर्थिक और व्यावसायिक रूप से बड़ा अवसर होता है। भारत की लोकप्रियता, दर्शकों की संख्या और क्रिकेट बाजार को देखते हुए दुनिया के कई देश भारतीय टीम की मेजबानी करना चाहते हैं।
मौजूदा परिस्थितियों को लेकर संदेह
लेकिन हालिया राजनीतिक विवाद के बाद सितंबर में प्रस्तावित सीरीज पर अनिश्चितता बढ़ गई है। BCB के एक अधिकारी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सीरीज को लेकर संदेह बना हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि अगर जल्द स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो तय कार्यक्रम के अनुसार सीरीज कराना मुश्किल हो सकता है।
रद्द करने का आधिकारिक ऐलान नहीं
हालांकि, अभी तक सीरीज को रद्द करने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहा है। अब इस सीरीज का भविष्य दोनों देशों के राजनीतिक हालात और आपसी संबंधों पर निर्भर करता नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें- ना कैश, ना फरमाइश: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 866 नौजवानों को सौंपे सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









