Punjab

सीमा पार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पांच व्यक्ति 21 किलो हेरोइन, आईसीई-पिस्तौल समेत गिरफ्तार

Punjab Police : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से नशा और अवैध हथियारों की तस्करी वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पांच व्यक्तियों को 21.299 किलो हेरोइन, 970 ग्राम आईसीई (मेथामफेटामाइन), .30 बोर अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां डायरैक्टर जनरल आफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गगन उर्फ डिश्का (23) और जसपिंदर सिंह (25) दोनों निवासी गांव निकोसरन, गुरदासपुर; सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख (30) निवासी अड्डा जैंतिपुर, अमृतसर देहाती; अभिषेक सभरवाल उर्फ अभी (25) निवासी शर्मा कॉलोनी, अमृतसर और मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू (26) निवासी गांव चन्नणके, अमृतसर देहाती के रूप में हुई है।

हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मुख्य आरोपी विदेश स्थित तस्कर के सीधे संपर्क में था, जिसने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी में मदद की थी, जिन्हें आगे आपूर्ति किया जाना था। उन्होंने बताया कि सीमा पार के इस तस्करी नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और इस नेटवर्क से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।

चार जिंदा कारतूसों सहित किया गिरफ्तार

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर ने बताया कि पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी गगन उर्फ डिश्का और जसपिंदर सिंह को एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया। उन्होंने आगे बताया कि आरोपियों के बयानों के आधार पर पुलिस को 1.01 किलो हेरोइन और 970 ग्राम आईसीई बरामद करने में भी सफलता मिली है।

20.2 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार

पुलिस आयुक्त ने बताया कि आगे की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने साथियों की संलिप्तता के बारे में खुलासा किया और इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने सुखप्रीत उर्फ सुख, अभिषेक सभरवाल उर्फ अभी और मनप्रीत उर्फ मन्नू को 20.2 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया।

NDPS अधिनियम की धारा में मामला दर्ज

पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच से पता चला है कि आरोपी सुखप्रीत उर्फ सुख आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी एन.डी.पी.एस. अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। इस संबंध में थाना एयरपोर्ट, अमृतसर में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6,7,8) और एन.डी.पी.एस. अधिनियम की धारा 21-सी, 22-सी और 29 के तहत एफ.आई.आर. संख्या 24 दिनांक 29.07.2026 दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- गैंगस्टरां ते वार का 199वां दिन, पंजाब पुलिस द्वारा 731 ठिकानों पर छापेमारी, 429 गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button