Ranchi Student Protest : रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को स्थिति उस समय गरमा गई जब AISA के विधानसभा मार्च के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने का मामला सामने आया. छात्रों के आंदोलन के समर्थन में रांची पहुंचीं नेहा बोरा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से मिलने भी गई थीं.
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन करीब दो सप्ताह से चल रहा है. शुक्रवार को आंदोलन का 14वां दिन था और कई छात्र स्टेडियम में भूख हड़ताल पर बैठे रहे. इसी दौरान AISA ने छात्रों के समर्थन में झारखंड विधानसभा तक मार्च निकाला. संगठन की ओर से पहले ही विधानसभा घेराव का ऐलान किया गया था.
नेहा बोरा पर किसने फेंकी स्याही?
मार्च के दौरान नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने की जानकारी सामने आने के बाद माहौल गर्म हो गया. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि स्याही किस व्यक्ति ने फेंकी और इसके पीछे क्या वजह थी. नेहा बोरा ने मार्च से पहले भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से मुलाकात की और उनके आंदोलन को समर्थन दिया था.
विधानसभा के अंदर भी हंगामा
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं रखी गई. वे कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं. छात्रों का आरोप है कि वे राज्य सरकार की मौजूदा जांच से संतुष्ट नहीं हैं. इसी मुद्दे पर शुक्रवार को विधानसभा के अंदर भी हंगामा हुआ, जिसके चलते प्रश्नकाल प्रभावित रहा.
अभ्यर्थी न्याय मंच ने मुख्यमंत्री से बातचीत के लिए सात सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल की घोषणा की है. इसमें रामावतार महतो, दीनबंधु मंडल, चंदन कुमार, रवि शंकर, प्रेम कुमार, अमित कुमार और विमल कुमार शामिल हैं.
उधर, भूख हड़ताल कर रहे छात्रों की तबीयत भी चिंता का कारण बनी हुई है. शुक्रवार को एक छात्र की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया. अब आंदोलन और सरकार के साथ प्रस्तावित बातचीत के अगले कदम पर नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









