Abaan Ahmed Road Accident : प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े माफिया अतीक अहमद के परिवार से बड़ी खबर सामने आई है। अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है। कार में 5 लोग सवार थे। यह दुर्घटना उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में हुई। हादसे में अबान समेत दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों में अबान अहमद की पहचान हो चुकी है। हादसे में मोहम्मद जैद और उमर समेत अन्य लोग भी प्रभावित हुए हैं।
हादसे के कारणों की जांच तेज
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन की रफ्तार कितनी थी और किस वजह से कार चालक नियंत्रण खो बैठा।
2023 में हुई थी दोनों की रिहाई
बता दें कि अबान अहमद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटों में शामिल था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के चलते बाल संरक्षण गृह भेजा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को रिहा कर उनकी बुआ की देखरेख में सौंप दिया गया था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को अक्टूबर 2025 में नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। बताया जा रहा है कि अबान और परिवार के अन्य सदस्य उसी से मिलने के लिए झांसी जा रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- न पैसे, न सिफारिश… मान सरकार ने भर्ती में खत्म किया पुराना सिस्टम, 68 हजार युवाओं को रोजगार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









