UP Weather : यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। कई गांव पानी से घिर गए हैं और लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही रोकनी पड़ी
बाढ़ का असर अब सरकारी व्यवस्थाओं पर भी दिखाई दे रहा है। कई स्कूलों में पानी भरने से पढ़ाई प्रभावित हुई है। वहीं, कई जगहों पर सड़कों पर पानी आने से आवागमन बाधित हो गया है। बिजनौर में तेज बहाव के चलते हाईवे की अप्रोच रोड का एक हिस्सा बह गया, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया। वहीं फर्रुखाबाद में सुरक्षा को देखते हुए हाईवे के एक हिस्से पर बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही रोकनी पड़ी।
भारी बारिश की संभावना जताई गई
बुधवार सुबह से वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और नोएडा समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में आसमान में बादल छाए हुए हैं।
अंडरपास में भर गया पानी
इससे पहले मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। बांदा में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि सुल्तानपुर में भी भारी बारिश हुई। मथुरा में बारिश के कारण अंडरपास में पानी भर गया, जिससे वाहन फंस गए और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
डूबने से दो बच्चों की जान चली गई
शामली में तेज बहाव के कारण एक कार पानी में बह गई, जबकि एक स्कूल बस अंडरपास में फंस गई, जिसे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। मिर्जापुर में बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की जान चली गई। बिजली गिरने की घटना में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक की भी मौत हो गई। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- E-20 पेट्रोल पर सीएम मान ने केंद्र को घेरा, शुद्ध पेट्रोल देने की मांग
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









