विदेश

नेतन्याहू ने PM मोदी को बताया अपना अच्छा दोस्त, भारत की जमकर तारीफ

India Israel Relations : इजराइल-ईरान के बीच जारी तनाव के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत के साथ अपने देश के संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि इजराइल भारत के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें इजराइल के सबसे अच्छे दोस्तों में से एक बताया.

सोमवार को दिए गए बयान में बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, “हमें और भी गठबंधन बनाने की जरूरत है. इसलिए मैं भारत और अपने दोस्त नरेंद्र के साथ रिश्तों को मजबूत करने पर बहुत ध्यान दे रहा हूं. नरेंद्र हमारे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि अक्सर यह कहा जाता है कि इजराइल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है, लेकिन भारत में इजराइल और उन्हें व्यक्तिगत रूप से जो समर्थन मिलता है, वह “सचमुच अविश्वसनीय” है.

भारत-इजराइल रिश्तों पर दिया संदेश

नेतन्याहू ने संकेत दिया कि मौजूदा वैश्विक और क्षेत्रीय परिस्थितियों के बीच भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी इजराइल के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है और इसे आगे भी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

साल 2018 में बेंजामिन नेतन्याहू भारत दौरे पर आए थे. इस दौरान भारत और इजराइल के बीच 9 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे. उसी यात्रा में दोनों देशों ने अपने संबंधों को विशेष साझेदारी का दर्जा दिया था, जिससे व्यापार और तकनीकी सहयोग को नई गति मिली.

2026 में रणनीतिक साझेदारी को मिला नया स्तर

इस साल फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल का दौरा किया था. इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘शांति, इनोवेशन और समृद्धि के लिए भारत-इजराइल विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक पहुंचाने पर सहमति जताई. इससे दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में नई पहल हुई.

ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button