Amritsar News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के मद्देनजर चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी और संगठित अपराध को अंजाम देने वाले गठजोड़ के एक गुर्गे को 20 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस गठजोड़ का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहां दी।
गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान ओम शर्मा निवासी अमृतसर रोड, झबाल, तरनतारन के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही उसकी होंडा सिटी कार (पीबी 46एजे 6021) को भी जब्त किया है।
पंजाब में आगे सप्लाई करने का काम
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सीमा पार के तस्करों से जुड़े एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी को सीमावर्ती क्षेत्र में हेरोइन की खेप प्राप्त करके पूरे पंजाब में आगे सप्लाई करने का काम सौंपा गया था।
राज्य में आगे अन्य लोगों तक डिलीवरी
ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलर के साथी नशा तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल हैं और जिला अमृतसर के अजनाला सीमावर्ती क्षेत्र में अपने पाकिस्तानी साथियों द्वारा ड्रोन के माध्यम से भेजी गई हेरोइन की खेपें प्राप्त करके अपने एक अन्य साथी ओम शर्मा तक पहुंचाते हैं, जो उन खेपों को राज्य में आगे अन्य लोगों तक डिलीवरी करता है।
कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद
जानकारी से यह भी पता चला है कि संदिग्ध ओम को हाल ही में हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त हुई है और वह इस खेप को आगे किसी अन्य पक्ष को डिलीवरी करने के लिए अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर स्थित सोहियां कलां के क्षेत्र में आ रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापामारी की और सोहियां कलां में दाना मंडी के पास से ओम शर्मा को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की।
आगे-पीछे के संबंध किए जा रहे स्थापित
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित किए जा रहे हैं और पूरे नेटवर्क की पहचान करने तथा पहले से उजागर किए जा चुके अन्य नशा तस्करी मॉड्यूलों से इस गिरोह के संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
एनडीपीएस एक्ट की धारा में केस दर्ज
इस संबंध में एफआईआर नंबर 48 दिनांक 31/07/2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें- Pakistan Blast : स्वात में आत्मघाती हमले से दहला पाकिस्तान, 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









