Raj Thackeray : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने शनिवार को मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अभिनेता विवेक ओबेरॉय और आर. माधवन को लेकर सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि यदि उन्हें लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में सब कुछ बेहतर हो गया है, तो वे दुबई में क्यों रह रहे हैं.
एमएनएस के छात्र संगठन ‘महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना’ के कार्यक्रम में राज ठाकरे ने कहा कि देश के कई उद्योगपति भारत छोड़कर विदेश चले गए हैं, उन्होंने 2019 में रिलीज हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें मोदी का किरदार निभाने वाले विवेक ओबेरॉय भी दुबई में रहते हैं, उन्होंने यह भी कहा कि आर. माधवन भी दुबई में रहते हैं और सवाल किया कि अगर भारत में सब कुछ अच्छा है, तो वे विदेश में क्यों रह रहे हैं.
दोनों अभिनेताओं ने पहले क्या कहा था?
राज ठाकरे के बयान के बीच यह भी सामने आया कि आर. माधवन पहले कह चुके हैं कि वे कोविड-19 महामारी के दौरान अपने बेटे के स्विमिंग करियर के लिए दुबई गए थे. वहीं विवेक ओबेरॉय ने कहा था कि उन्होंने अपना कारोबार शुरू करने के लिए दुबई को चुना.
राज ठाकरे ने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा को गलत बताया, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बच्चों को माफ करने से जुड़े बयान से वह सहमत हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह का संदेश बीजेपी के समर्थकों और ट्रोल करने वालों को भी दिया जाना चाहिए
बीजेपी ट्रोल और NEET मुद्दे पर भी बोले
राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि बीजेपी के ट्रोल कई बड़े नेताओं और सार्वजनिक हस्तियों को निशाना बनाते हैं, जिसके कारण कई कलाकार खुलकर अपनी राय नहीं रख पाते, उन्होंने कहा कि किसी के लिए भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक का मुद्दा विरोध प्रदर्शनों की एक वजह था, लेकिन उसे मिला व्यापक समर्थन लंबे समय से लोगों में मौजूद नाराजगी का परिणाम था.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









